झालावाड़। जिले के भवानीमंडी कस्बे की महाकाल कॉलोनी में चोरी की एक बेहद अनोखी घटना सामने आई है। मकान मालिक टिल्लू सरदार अपने परिवार के साथ मुंबई गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। उन्होंने पूरे घर को आराम से खंगाला और अलमारी में रखे करीब ढाई लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
लेकिन इस वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने चोरी के दौरान कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई। उन्होंने घर के फ्रिज में रखे 14 अंडों का आमलेट बनाया, फिर ड्राइंग रूम में सोफे पर बैठकर आराम से खाना खाया और इस्तेमाल की गई प्लेटें वहीं छोड़ दीं। इसके बाद वे चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला और बिखरा सामान देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भवानीमंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.