राजस्थान में दुर्लभ खनिजों की खोज को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में सरकार ने जोधपुर जिले की शेरगढ़ तहसील के देवीगढ़ क्षेत्र और बालोतरा जिले के नवातला क्षेत्र में रेयर अर्थ एलिमेंट्स (दुर्लभ खनिजों) के अन्वेषण को मंजूरी दे दी है। इसके तहत कुल 207.63 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण किया जाएगा। इस सर्वे में विशेषज्ञ टीमें संबंधित क्षेत्रों से मिट्टी और चट्टानों के नमूने एकत्र करेंगी और उन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन इलाकों में रेयर अर्थ एलिमेंट्स की उपलब्धता कितनी है और क्या उनका व्यावसायिक स्तर पर खनन संभव है या नहीं।
रेयर अर्थ एलिमेंट्स 17 प्रकार के महत्वपूर्ण तत्वों का समूह होते हैं, जिनमें नियोडिमियम, लैंथेनम और सेरियम जैसे प्रमुख तत्व शामिल हैं। इन खनिजों का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहन, मोबाइल फोन, कंप्यूटर, सोलर पैनल, पवन ऊर्जा उपकरण, रक्षा तकनीक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्माण में बड़े पैमाने पर किया जाता है। वैश्विक स्तर पर इनकी मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे इनका रणनीतिक और आर्थिक महत्व और अधिक बढ़ गया है।
यदि इस अन्वेषण के परिणाम सकारात्मक आते हैं, तो भविष्य में इन क्षेत्रों में खनन कार्य शुरू किए जा सकते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम राजस्थान को देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल कर सकता है, जहां आधुनिक तकनीक के लिए आवश्यक दुर्लभ खनिजों के महत्वपूर्ण भंडार उपलब्ध हैं। राज्य सरकार का यह निर्णय खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.